Top News

डीडवाना में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

 


डीडवाना।२९/०९/२०२६,हर्षित गोयल 

तरु छाया रेजिडेंसी परिवार की ओर से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ मंगलवार को धार्मिक वातावरण और श्रद्धा के साथ हुआ। कथा के प्रथम दिवस पर व्यास पीठ से पंडित अशोक व्यास ने श्रीमद्भागवत कथा के महत्व, भगवान विष्णु के विभिन्न अवतारों, भक्ति, ज्ञान, वैराग्य तथा पितृ पक्ष में दान-पुण्य के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।



पंडित अशोक व्यास ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा समस्त पुराणों का सार मानी जाती है। इसमें भगवान श्रीमन नारायण के विभिन्न अवतारों का वर्णन मिलता है। उन्होंने कहा कि भगवान विष्णु ने अलग-अलग अवतारों में आसुरी शक्तियों का विनाश कर धर्म की स्थापना की। भागवत कथा का श्रवण व्यक्ति को आध्यात्मिक शांति के साथ सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है और जीवन को धर्म एवं भक्ति से जोड़ता है।

उन्होंने कहा कि मनुष्य सांसारिक और आर्थिक कार्यों की भागदौड़ में दिन-रात व्यस्त रहता है, लेकिन ईश्वर की भक्ति के लिए समय निकालना भी आवश्यक है। जीवन में भक्ति के महत्व को समझते हुए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी व्यस्त दिनचर्या में ईश्वर की आराधना के लिए समय देना चाहिए।

राजा परीक्षित को सुनाई गई थी भागवत कथा

कथा के दौरान पंडित व्यास ने राजा परीक्षित और शुकदेव मुनि का प्रसंग सुनाते हुए श्रीमद्भागवत कथा की महिमा बताई। उन्होंने कहा कि राजा परीक्षित को शुकदेव मुनि ने भागवत कथा का श्रवण कराया था। कथा का मूल उद्देश्य मनुष्य को ज्ञान, वैराग्य और भक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देना है।

उन्होंने तरु छाया रेजिडेंसी के निवासियों को धार्मिक आयोजन का अवसर मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए श्रद्धालुओं से कथा श्रवण कर धार्मिक संस्कारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

पितृ पक्ष में दान-पुण्य का विशेष महत्व

वर्तमान में चल रहे पितृ पक्ष की महत्ता बताते हुए पंडित अशोक व्यास ने कहा कि यह अवधि पूर्वजों के स्मरण, श्रद्धा और उनके निमित्त दान-पुण्य करने का विशेष अवसर है। इस दौरान किए जाने वाले धार्मिक एवं पुण्य कार्यों का विशेष महत्व माना जाता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से पूर्वजों के प्रति श्रद्धा रखते हुए उनके निमित्त दान-पुण्य करने की बात कही।

शिव मंदिर से निकली शोभायात्रा

कथा के शुभारंभ से पूर्व तरु छाया रेजिडेंसी परिसर स्थित भगवान शिव मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा सोसायटी के मुख्य द्वार से होते हुए कथा स्थल तक पहुंची। इस दौरान महिला एवं पुरुष श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ धार्मिक भजनों पर नृत्य करते हुए नजर आए। पूरे परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा।

कथा के प्रथम दिवस पर विधि-विधान से मुख्य यजमान के रूप में सोसायटी अध्यक्ष नवनीत जीनगर एवं तेजकरण व्यास ने अपनी-अपनी धर्मपत्नियों के साथ पूजा-अर्चना की। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।

Post a Comment

और नया पुराने
 राजस्थान वाणी न्यूज़

विज्ञापन

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume