Top News

आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के कार्मिकों की बढ़ेगी दक्षता, तीन चरणों का प्रशिक्षण संपन्न

 आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा से स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने पर जोर, नर्स-कम्पाउंडर, एएनएम, आशा सहयोगिनियों और महिला योग प्रशिक्षकों ने लिया प्रशिक्षण

नागौर। 18/11/2026,राजस्थान वाणी न्यूज़ 

आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने और स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दीपावली पश्चात तीन चरण बुधवार को संपन्न हुए। आयुर्वेद विभाग, राजस्थान सरकार एवं राष्ट्रीय आयुष मिशन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रशिक्षण में आयुर्वेद नर्स-कम्पाउंडर, एएनएम, आशा सहयोगिनियों एवं महिला योग प्रशिक्षकों को आयुर्वेद, योग, प्राणायाम, प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ आहार-विहार और रोगों की रोकथाम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई!


प्रशिक्षण के पूर्व दो चरण आयोजित किए जा चुके थे। दीपावली के बाद प्रशिक्षण के अगले तीन चरण 12-13 नवंबर, 14-15 नवंबर तथा 17-18 नवंबर को आयोजित किए गए। बुधवार को अंतिम चरण के समापन के साथ ही प्रशिक्षण कार्यक्रम पूर्ण हुआ।

विभागीय अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने दिया मार्गदर्शन

प्रशिक्षण कार्यक्रम आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. गोविंद सहाय शर्मा के निर्देशन में आयोजित किया गया। डॉ. नरेंद्र पंवार, डॉ. कैलाश ताडा एवं डॉ. ओम प्रकाश पूनिया ने कार्यक्रम संयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विभिन्न सत्रों में विभागीय चिकित्सा अधिकारियों एवं विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी व्यावहारिक जानकारियां प्रदान कीं।अंतिम दिवस पर उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग डॉ. गोविंद सहाय शर्मा एवं पूर्व सहायक निदेशक डॉ. गोपाल शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को समर्पण, जिम्मेदारी और जनसेवा की भावना से कार्य करने का संदेश दिया। साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं में कार्यरत कार्मिकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए आमजन तक स्वास्थ्य जागरूकता पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।

योग, प्राणायाम एवं प्राकृतिक चिकित्सा से स्वस्थ जीवन का संदेश

डॉ. सुनीता, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अधिकारी, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सालय नागौर ने प्रशिक्षणार्थियों को योग, प्राणायाम एवं प्राकृतिक चिकित्सा के सिद्धांतों और महत्व की जानकारी दी। उन्होंने दैनिक जीवन में योग एवं प्राणायाम अपनाने, तनाव प्रबंधन, उचित दिनचर्या तथा प्राकृतिक जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डाला।


महिला योग प्रशिक्षकों को योग अभ्यासों के संचालन, प्राणायाम की तकनीकों, आवश्यक सावधानियों तथा विभिन्न आयु वर्ग के लोगों को योग से जोड़ने के तरीकों की जानकारी दी गई। साथ ही अपने कार्यक्षेत्र में नियमित योग गतिविधियां संचालित करने पर जोर दिया गया।

संतुलित आहार एवं दिनचर्या से रोगों की रोकथाम पर जोर

डॉ. कैलाश ताडा, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी ने संतुलित आहार, पोषण, दैनिक दिनचर्या एवं ऋतुचर्या के महत्व को समझाया। उन्होंने बताया कि अनियमित खानपान, शारीरिक गतिविधियों की कमी और तनाव के कारण मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा सहित गैर-संचारी रोगों का खतरा बढ़ सकता है।उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को आमजन के बीच नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान प्रकृति परीक्षण एवं सीबीएसी फॉर्म भरने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।

सामान्य बीमारियों एवं स्वास्थ्य जांच का दिया प्रशिक्षण

डॉ. नरेंद्र पंवार ने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में कार्यरत कार्मिकों के दायित्वों, आयुष औषधि किट के उपयोग, स्वास्थ्य सेवाओं के समन्वय एवं मरीजों को आवश्यकतानुसार उचित स्वास्थ्य संस्थान में रेफर करने की प्रक्रिया समझाई।डॉ. संत प्रसाद त्रिपाठी ने व्यक्तिगत एवं सामाजिक स्वच्छता, ऋतुचर्या, स्वच्छ वातावरण और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में जानकारी दी।डॉ. दिनेश राम फुलवरिया ने सामान्य बीमारियों के प्रबंधन, घरेलू उपचार तथा औषधीय पौधों की पहचान, संवर्धन एवं उपयोगिता पर प्रकाश डाला।डॉ. लक्ष्मण सिंह उदावत ने गर्भावस्था जांच, हीमोग्लोबिन परीक्षण, यूरिन जांच, ब्लड शुगर जांच तथा डेंगू, मलेरिया एवं एचआईवी सहित विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षणों की प्रक्रिया और महत्व की जानकारी दी।डॉ. ओम प्रकाश पूनिया, अध्यक्ष नागौर आयुर्वेद मेडिकल एसोसिएशन ने आयुष सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) गतिविधियों के माध्यम से आमजन तक स्वास्थ्य संबंधी संदेश पहुंचाने और आयुष सेवाओं के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया।वहीं डॉ. हुकमाराम प्रजापत ने रिपोर्टिंग, इन्वेंटरी मैनेजमेंट, रिकॉर्ड मेंटेनेंस एवं आवश्यक स्वास्थ्य अभिलेखों के संधारण की प्रक्रिया समझाई।

व्यावहारिक जानकारी और सामूहिक चर्चा से प्रशिक्षण बना उपयोगी

प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न स्वास्थ्य विषयों पर व्यावहारिक जानकारी देने के साथ प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं के समाधान के लिए चर्चा एवं समस्या समाधान सत्र भी आयोजित किए गए। इनमें स्वास्थ्य केंद्रों पर कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं, मरीजों को परामर्श देने, स्वास्थ्य जांच, गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग एवं रिकॉर्ड संधारण जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।प्रशिक्षणार्थियों को बताया गया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण इकाई हैं। यहां कार्यरत आयुर्वेद नर्स-कम्पाउंडर, एएनएम, आशा सहयोगिनियां एवं महिला योग प्रशिक्षक समुदाय और स्वास्थ्य विभाग के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इनकी कार्यक्षमता बढ़ने से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और रोगों की समय पर पहचान में मदद मिलेगी।

गांव-गांव तक पहुंचेगा आयुर्वेद एवं योग का संदेश

प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षित कार्मिकों के माध्यम से आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा की उपयोगिता जन-जन तक पहुंचाना तथा आमजन को उपचार के साथ-साथ रोगों से बचाव एवं स्वास्थ्य संवर्धन के प्रति जागरूक करना रहा।समापन अवसर पर प्रतिभागियों को अपने कार्यक्षेत्र में प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का उपयोग करने, नियमित स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियां संचालित करने तथा लोगों को संतुलित आहार, योग, प्राणायाम, स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।इस पहल से आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने और ग्रामीण स्तर पर आयुर्वेद एवं योग आधारित स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

राजस्थान वाणी न्यूज़ | गाँव से शहर तक

Post a Comment

और नया पुराने
 राजस्थान वाणी न्यूज़

विज्ञापन

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume