कुचामन नगर परिषद में नई टीम ने संभाला कार्यभार, सभापति महेश रामचंद्रका और उपसभापति बाबूलाल कुमावत ने ग्रहण किया पदभार
कुचामन सिटी।२४/०९/२०२६,हर्षित गोयल
नगर निकाय चुनाव के बाद कुचामन नगर परिषद में नई राजनीतिक तस्वीर के साथ अब नई परिषद के कामकाज की शुरुआत हो गई है। गुरुवार को नवनिर्वाचित सभापति महेश रामचंद्रका और उपसभापति बाबूलाल कुमावत ने विधिवत रूप से नगर परिषद पहुंचकर अपना पदभार ग्रहण किया। इस दौरान परिषद परिसर में पार्षदों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी रही। पदभार ग्रहण के अवसर पर समर्थकों ने सभापति और उपसभापति का स्वागत किया तथा उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। परिषद परिसर में पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह का माहौल देखने को मिला।
सभापति चुनाव में महेश रामचंद्रका ने दर्ज की जीत
नगर परिषद सभापति के चुनाव में महेश रामचंद्रका ने कांग्रेस प्रत्याशी आरिफ खान को 5 मतों से हराया था। महेश रामचंद्रका को 25 वोट मिले, जबकि आरिफ खान को 20 वोट प्राप्त हुए थे। जीत के बाद महेश रामचंद्रका ने सभापति पद की शपथ ली।
महेश रामचंद्रका इससे पहले नगर परिषद के वार्ड संख्या 27 से निर्दलीय पार्षद के रूप में चुनाव जीतकर सामने आए थे। बाद में भाजपा के समर्थन से उन्होंने सभापति पद के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज की।
45 वार्ड वाली परिषद में बदले राजनीतिक समीकरण
कुचामन नगर परिषद में कुल 45 वार्ड हैं। चुनाव परिणाम में कांग्रेस को 17, भाजपा को 15 और निर्दलीय प्रत्याशियों को 13 सीटें मिली थीं। सभापति चुनाव के दौरान निर्दलीय पार्षदों के समर्थन से भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा हासिल किया और महेश रामचंद्रका सभापति निर्वाचित हुए। इसके बाद उपसभापति पद पर भी भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल कुमावत निर्वाचित हुए।
शहर के विकास कार्यों पर रहेगी नजर
नई परिषद के सामने अब कुचामन शहर की विभिन्न नागरिक समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति देने की जिम्मेदारी होगी। सड़क, सफाई, नालियों, यातायात, पार्किंग, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे शहरवासियों की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।सभापति और उपसभापति के पदभार संभालने के बाद अब शहरवासियों की नजर नगर परिषद के आगामी कार्यों और विकास योजनाओं पर रहेगी। समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि नई परिषद आमजन से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए शहर के विकास को आगे बढ़ाएगी।
राजस्थान वाणी | कुचामन सिटी
एक टिप्पणी भेजें