फसल खराबे का मुआवजा अभी तक नहीं मिला? 15 नवंबर तक बैंक खाते की जानकारी अपडेट करवाएं काश्तकार
नागौर, 5 नवंबर।राजस्थान वाणी डिजिटल डेस्क
प्राकृतिक आपदाओं के चलते फसल खराबे से प्रभावित ऐसे काश्तकारों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है, जिन्हें अभी तक आदान-अनुदान (फसल खराबा सहायता) की राशि प्राप्त नहीं हुई है। जिला प्रशासन ने ऐसे वंचित काश्तकारों को 15 नवंबर 2026 तक अपने बैंक खाते से संबंधित आवश्यक विवरण अपडेट करवाने के निर्देश दिए हैं।
अतिरिक्त जिला कलक्टर रामरतन सौंकरिया ने बताया कि जिले में गत तीन वर्षों के दौरान विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं से फसल खराबे का सामना करने वाले जिन काश्तकारों को अभी तक आदान-अनुदान राशि नहीं मिली है, वे निर्धारित समय सीमा में अपनी बैंक संबंधी जानकारी दुरुस्त करवाएं।
ई-मित्र पर करवाएं जनाधार में बैंक खाते की जानकारी अपडेट
प्रभावित काश्तकार ई-मित्र केंद्र के माध्यम से अपने जनाधार में बैंक खाता संख्या और IFSC कोड अपडेट करवाएं। इसके बाद संबंधित बैंक के माध्यम से NPCI पर बैंक खाते का सत्यापन (वैलिडेशन) करवाना भी अनिवार्य होगा।
15 नवंबर तक पटवारी को जमा करवाएं दस्तावेज
प्रशासन ने काश्तकारों को निर्देश दिए हैं कि बैंक खाते से जुड़े आवश्यक दस्तावेज 15 नवंबर 2026 तक अपने संबंधित हल्का पटवारी के पास अनिवार्य रूप से जमा करवाएं, ताकि पात्रता के अनुसार आदान-अनुदान राशि के भुगतान की आगामी प्रक्रिया पूरी की जा सके।
इन बातों का रखें विशेष ध्यान
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा तक जनाधार में बैंक खाता संख्या एवं IFSC कोड अपडेट नहीं करवाने, बैंक खाते को NPCI से वैलिडेट नहीं करवाने अथवा आवश्यक दस्तावेज पटवारी के पास जमा नहीं करवाने की स्थिति में इसकी व्यक्तिगत जिम्मेदारी संबंधित काश्तकार की होगी।
प्रशासन के अनुसार आदान-अनुदान राशि प्राप्त करने के लिए जनाधार में बैंक खाता संख्या एवं IFSC कोड अपडेट होना और संबंधित बैंक खाते का NPCI से वैलिडेट होना अनिवार्य है।
ऐसे में जिन पात्र काश्तकारों को अभी तक फसल खराबे की सहायता राशि नहीं मिली है, वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना 15 नवंबर 2026 से पहले सभी आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर लें।

एक टिप्पणी भेजें