स्टोन अफ्रीका इजिप्ट फेयर में दो बार्टर समझौतों पर हुए हस्ताक्षर, नरेश पारीक, नटवर लाल अजमेरा और सुरेश विश्नोई रहे मौजूद
जयपुर।१५/११/२०२६,राजस्थान वाणी डिजिटल
वैश्विक प्राकृतिक पत्थर उद्योग में भारत की अंतरराष्ट्रीय भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। मिस्र की राजधानी काहिरा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय 'स्टोन अफ्रीका इजिप्ट फेयर' के दौरान इंडिया स्टोनमार्ट 2028 और तुर्की की प्रतिष्ठित प्रदर्शनी आयोजक संस्था इज़मिर फेयर (Izmir Fair) तथा अफ्योन मार्बल ब्लॉक एग्जीबिशन (Afyon Marble Block Exhibition) के बीच दो अलग-अलग ऐतिहासिक बार्टर समझौते संपन्न हुए।
ये समझौते इंडिया स्टोनमार्ट के स्टॉल नंबर 4F16 पर किए गए। इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री नरेश पारीक, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं स्टोनमार्ट कन्वीनर नटवर लाल अजमेरा तथा जोधपुर प्रांत उपाध्यक्ष सुरेश विश्नोई मौजूद रहे।
वहीं, इज़मिर फेयर की ओर से डिप्टी जनरल मैनेजर Hüseyin Koca और इंटरनेशनल रिलेशंस एंड बिजनेस डेवलपमेंट मैनेजर Emircan Özsoy सहित संबंधित प्रदर्शनी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी प्रतिनिधियों ने आपसी सहमति के साथ इन समझौतों को अंतिम रूप दिया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होगा प्रदर्शनियों का प्रचार-प्रसार
इन बार्टर समझौतों के तहत संबंधित संस्थाएं अपने-अपने देशों और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर एक-दूसरे की आगामी प्राकृतिक पत्थर प्रदर्शनियों का प्रचार-प्रसार करेंगी। इससे भारतीय और तुर्की स्टोन उद्योग के बीच व्यापारिक सहयोग को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
प्रदर्शकों और खरीदारों को मिलेगा वैश्विक मंच
इस साझेदारी के माध्यम से दोनों देशों के प्रदर्शकों, खरीदारों और उद्योग जगत से जुड़े कारोबारियों के बीच संपर्क एवं आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही भारतीय स्टोन उद्यमियों, खनन एवं प्रसंस्करण मशीनरी निर्माताओं और निर्यातकों को नए अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बनाने के अवसर मिलेंगे।
भारतीय स्टोन उद्योग के लिए महत्वपूर्ण पहल
समझौते के बाद नटवर लाल अजमेरा और नरेश पारीक ने संयुक्त रूप से कहा कि स्टोन अफ्रीका जैसे वैश्विक मंच पर इज़मिर और अफ्योन प्रदर्शनी के प्रतिनिधियों के साथ यह साझेदारी भारतीय स्टोन उद्योग के लिए बेहद उत्साहजनक है। इससे इंडिया स्टोनमार्ट 2028 की अंतरराष्ट्रीय पहुंच बढ़ेगी और भारत-तुर्की के बीच पत्थर व्यापार को भी नई गति मिलेगी।
इन समझौतों को भारतीय प्राकृतिक पत्थर उद्योग के वैश्विक विस्तार, अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक संबंधों और नए बाजारों तक पहुंच बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें