देवल (मालपुरा) 11/11/2026,आदित्य शर्मा (सवांददाता)
लाम्बा-हरिसिंह नगर पालिका क्षेत्र के ऐतिहासिक देवल गांव स्थित दादू दयाल आश्रम में गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। दीपावली के अगले दिन आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरा आश्रम परिसर गोवर्धन महाराज के जयकारों और वैदिक मंत्रोच्चार से भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम दादू दयाल आश्रम के पीठाधीश्वर झुलनदास जी महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित हुआ। इस दौरान चेतन दास जी महाराज की भी विशेष उपस्थिति रही। संतों के सानिध्य में हुए धार्मिक अनुष्ठान से आश्रम परिसर में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
वैदिक विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित जुगल किशोर शर्मा द्वारा गोवर्धन भगवान की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक विधि-विधान से अनुष्ठान संपन्न करवाया। इसके बाद भगवान गोवर्धन की आरती की गई, जिसमें संतों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूजा-अर्चना के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
गोवर्धन पूजा को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही श्रद्धालुओं का आश्रम पहुंचना शुरू हो गया था। इस अवसर पर ठाकुर साहब कीर्तिमान सिंह, श्रवण सिंह राजपुरोहित, चंद्रशेखर राठौर, वीर बहादुर सिंह राठौर, भंवर सिंह राठौर, जितेंद्र सिंह राजपुरोहित, राजू कुमावत, गोपाल सिंह दरोगा और छगन माहेश्वरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित रहे।
सभी श्रद्धालुओं ने भगवान गोवर्धन की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की। आयोजन श्रद्धा और भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ।
राजस्थान वाणी न्यूज़ | गाँव से शहर तक
एक टिप्पणी भेजें