51 श्रावकों ने किया भगवान आदिनाथ एवं शांतिनाथ का जलाभिषेक, विभिन्न शहरों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने लिया भाग
कुचामन सिटी।25/10/2026,हर्षित गोयल
डीडवाना रोड स्थित 1008 भगवान महावीर मंदिर परिसर में पहाड़िया परिवार, कुचामन सिटी की ओर से श्रद्धा और भक्ति के साथ संगीतमय पंच परमेष्ठी विधान का आयोजन किया गया। श्रावक श्रेष्ठि संतोष-संतोष देवी, प्रवीण-सुषमा, विपिन-अशु तथा मुस्कान, उन्नति, चिन्मय और दिव्य पहाड़िया परिवार के सदस्यों ने विधान में सहभागिता निभाई।
विधान का आयोजन पंडित मनीष जैन, फागी के निर्देशन में हुआ, जबकि संगीतकार अहिंसा जैन, सागर ने संगीतमय पूजन के माध्यम से धार्मिक वातावरण को भक्तिमय बनाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ 51 श्रावकों द्वारा भगवान आदिनाथ एवं भगवान शांतिनाथ के जलाभिषेक से हुआ। इसके पश्चात श्रावक श्रेष्ठियों ने शांतिधारा की। नवदेवता पूजन एवं मंदिर के मूलनायक भगवान महावीर स्वामी की पूजा-अर्चना के बाद पंच परमेष्ठी विधान संपन्न हुआ।
विधान के दौरान अरिहंत परमेष्ठी, सिद्ध परमेष्ठी, आचार्य परमेष्ठी, उपाध्याय परमेष्ठी और साधु परमेष्ठी को कुल 144 अर्घ्य समर्पित किए गए। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर धर्म, शांति और आध्यात्मिक उन्नति की कामना की।
मंदिर अध्यक्ष लालचंद जैन के अनुसार, इस धार्मिक आयोजन में पांडिचेरी, बुरहानपुर, जयपुर, किशनगढ़, सीकर, नीमच और अजमेर सहित विभिन्न स्थानों से श्रद्धालु पहुंचे। कुचामन सिटी के चिरंजी लाल, विमल कुमार, अमित, मनोज पाटोदी, विजय, अशोक, महेंद्र, ललित, सुभाष, वीरेंद्र, मनोज, पंकज, नीरज, अमित पहाड़िया, तेजकुमार बजाज, सुरेश, अनिल पांड्या, माणकचंद, संतोष, विकास काला, भागचंद, अशोक अजमेरा, भंवरलाल, ओमप्रकाश झांझरी और मनीष गंगवाल सहित अनेक श्रावक-श्राविकाओं ने भाग लिया।
आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण रहा। पंच परमेष्ठी विधान के माध्यम से श्रद्धालुओं ने जैन धर्म के सिद्धांतों के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
राजस्थान वाणी न्यूज़ | गाँव से शहर तक

एक टिप्पणी भेजें