माला, साफा और दुपट्टा पहनाकर किया अभिनंदन, अग्रसेन सर्किल की लंबित घोषणा जल्द पूरी करने का भरोसा
कुचामन सिटी।01/10/2026,हर्षित गोयल (जिला सवांददाता)
कुचामन नगर परिषद के नवनिर्वाचित सभापति महेश रामचंद्रका के सम्मान में अग्रवाल समाज की ओर से स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में समाजजनों ने सभापति का माला, साफा और दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया तथा नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान नगर परिषद के नवनिर्वाचित उपसभापति बाबूलाल कुमावत का भी अग्रवाल नवयुवक मंडल की ओर से स्वागत किया गया।
समारोह में अग्रवाल समाज के पदाधिकारियों ने पारंपरिक रूप से अतिथियों का सम्मान किया। समाज के उपाध्यक्ष बालकिशन मण्डावाला ने सभापति महेश रामचंद्रका का साफा वंदन किया, जबकि सचिव मुरलीधर गोयल ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। कोषाध्यक्ष रामेश्वर मोर ने दुपट्टा पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
वहीं अग्रवाल नवयुवक मंडल के अध्यक्ष सौरभ डालुका ने उपसभापति बाबूलाल कुमावत का साफा वंदन कर स्वागत किया। सचिव मनीष सर्राफ ने माल्यार्पण किया तथा कोषाध्यक्ष विपिन अग्रवाल ने दुपट्टा पहनाकर उनका सम्मान किया।
महिला मंडल ने भी किया स्वागत
समारोह में अग्रवाल महिला मंडल की ओर से भी जनप्रतिनिधियों एवं परिजनों का स्वागत किया गया। महिला मंडल अध्यक्ष राजकुमारी मोदी ने वीणा रामचंद्रका का माल्यार्पण कर स्वागत किया। वहीं सचिव नेहा गोयल ने दुपट्टा पहनाकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान समाज की महिलाओं सहित अन्य समाजजनों में भी उत्साह नजर आया।
अग्रसेन सर्किल की लंबित घोषणा जल्द पूरी करने का भरोसा
सम्मान समारोह के दौरान सभापति महेश रामचंद्रका ने अग्रवाल समाज की ओर से किए गए सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने अग्रवाल समाज से जुड़ी अग्रसेन सर्किल की लंबित घोषणा को जल्द पूरा करने का भरोसा दिलाया।
सभापति ने इसके साथ ही सब्जी मंडी से भवन तक के रास्ते को जल्द दुरुस्त करवाने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि शहर के विकास में समाज के सभी वर्गों का सहयोग महत्वपूर्ण है। नगर परिषद के माध्यम से जनहित और शहर के विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
उपसभापति बाबूलाल कुमावत बोले— मिलकर देंगे कुचामन के विकास को गति
नगर परिषद के उपसभापति बाबूलाल कुमावत ने भी अग्रवाल समाज का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कुचामन के विकास के लिए सभी वर्गों को मिलकर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने अग्रवाल समाज के सहयोग से शहर के विकास को आगे बढ़ाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि वे और सभापति महेश रामचंद्रका कंधे से कंधा मिलाकर शहर के विकास को गति देने का प्रयास करेंगे। साथ ही उन्होंने समाजजनों से शहर के विकास और जनहित के कार्यों में सकारात्मक सहयोग की अपील की।
समारोह के अंत में समाजजनों ने सभापति महेश रामचंद्रका और उपसभापति बाबूलाल कुमावत को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान शहर के विकास, जनसुविधाओं और समाजहित से जुड़े कार्यों को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। स्वागत समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
यह विडियो न्यूज़ भी देखे!👇
एक टिप्पणी भेजें