Top News

अग्रसेन जयंती महोत्सव के प्रथम दिवस धार्मिक आस्था, खेल और प्रतिभाओं का दिखा संगम



महाराजा अग्रसेन-माता लक्ष्मी की महाआरती में उमड़ा समाज, अग्रसेन रॉयल्स ने जीता क्रिकेट टूर्नामेंट, बच्चों ने प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा


कुचामन सिटी। ०६/१०/२०२६,हर्षित गोयल (जिला सवांददाता)

अग्रसेन जयंती महोत्सव के प्रथम दिवस रविवार, 4 अक्टूबर को अग्रवाल समाज की ओर से विभिन्न धार्मिक, सामाजिक, खेल एवं विद्यार्थियों से जुड़ी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। दिनभर चले कार्यक्रमों में समाजबंधुओं, महिलाओं, युवाओं, बच्चों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। धार्मिक आयोजन से लेकर क्रिकेट प्रतियोगिता और बच्चों की बौद्धिक एवं शारीरिक क्षमता परखने वाली प्रतियोगिताओं ने पूरे महोत्सव को उत्साह और उमंग से भर दिया।


महाराजा अग्रसेन एवं माता लक्ष्मी की महाआरती में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

महोत्सव के प्रथम दिवस महाराजा श्री अग्रसेन एवं माता लक्ष्मी जी की महाआरती का आयोजन महाराजा श्री अग्रसेन महादेव लाल भोमराजका द्वार पर किया गया। महाआरती में बड़ी संख्या में अग्रबंधु, अभिभावक एवं समाजजन शामिल हुए। महाराजा अग्रसेन के भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।समाजजनों ने महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा समाज की सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए सामूहिक रूप से आरती की। इस अवसर पर जयपुर से विशेष अतिथि ओमप्रकाश भोमराजका एवं उनकी धर्मपत्नी निर्मला देवी भोमराजका उपस्थित रहीं। समाजजनों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।महाआरती के दौरान नवयुवक मंडल एवं महिला मंडल के सदस्यों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। अग्रवाल समाज महिला मंडल की सचिव श्रीमती नेहा गोयल ने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में एकजुटता और आपसी अपनत्व की भावना को मजबूत करते हैं। ऐसे आयोजन समाजबंधुओं को करीब लाने के साथ भावी पीढ़ी को सामाजिक समरसता और एकता की प्रेरणा देते हैं।महाआरती के समापन के बाद आतिशबाजी की गई। आतिशबाजी के साथ पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया और समाजजनों ने हर्षोल्लास के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।

अग्रसेन रॉयल्स ने जीता अग्रवाल क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब

अग्रवाल नवयुवक मंडल की ओर से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला अग्रसेन रॉयल्स और अग्रवाल वॉरियर के बीच खेला गया। प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने भाग लिया। फाइनल में अग्रसेन रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अग्रवाल वॉरियर को 11 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया।अग्रसेन रॉयल्स के कप्तान रोहित मिठडीवाला ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित पारी में 60 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अग्रवाल वॉरियर की टीम ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन वह 49 रन ही बना सकी। इस तरह अग्रसेन रॉयल्स ने 11 रन से रोमांचक जीत दर्ज की।विजेता टीम में कप्तान रोहित मिठडीवाला के साथ गीतांश अग्रवाल, अभिषेक मोर, डॉ. सुमित बंसल, सौरभ बरवालीवाला, दीपक शेखराजका, महेश मोर, अमन अग्रवाल एवं हर्षित गोयल शामिल रहे। वहीं अग्रवाल वॉरियर की कप्तानी दिनेश मंगल ने की। टीम में प्रतीक बंसल, महेश पोद्दार, रवि बंसल, अनूप अग्रवाल, हितेश मंडावाला, रवि मिठडीवाला एवं विवेक शेखराजका शामिल रहे।मैच के दौरान खिलाड़ियों के साथ दर्शकों में भी जबरदस्त उत्साह रहा। योगेश पोद्दार ने मंच संचालन एवं शानदार कमेंट्री कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में संयोजक अभिषेक मंडावाला, बाबू मंडावाला एवं विपिन बेड़वावाला की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शुभम मंडावाला ने फाइनल मुकाबले में अंपायर की भूमिका निभाई।अग्रवाल नवयुवक मंडल के सचिव मनीष सर्राफ ने बताया कि खिलाड़ियों एवं दर्शकों के लिए नाश्ते सहित विभिन्न स्टॉल की व्यवस्था की गई थी। वहीं मंडल सदस्य धीरज रामचंद्रका ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित होने चाहिए, ताकि खेल भावना के माध्यम से समाज में एकजुटता और सहभागिता बढ़े।

जंपिंग ब्लास्ट में बच्चों ने दिखाई फुर्ती

महोत्सव के प्रथम दिवस कक्षा 1 से 3 के बच्चों के लिए ‘जंपिंग ब्लास्ट’ प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें करीब 70 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में अभिभावक और दर्शक भी मौजूद रहे।प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी फुर्ती और ऊर्जा का प्रदर्शन किया। उत्कर्ष अग्रवाल, पुत्र मनोज रामचंद्रका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अप्रूवा अग्रवाल, पुत्री अभिषेक रामचंद्रका ने द्वितीय स्थान हासिल किया। विजेताओं का तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया गया।

प्रतियोगिता के आयोजन में प्राची सराफ, शिखा सराफ एवं दीपिका पटवारी का सहयोग रहा। समापन पर सभी प्रतिभागी बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।

लॉजिक रश में विद्यार्थियों ने दिखाई तार्किक क्षमता

कक्षा 4 से 6 के विद्यार्थियों के लिए ‘लॉजिक रश’ प्रतियोगिता का आयोजन टेस्ट पेपर के माध्यम से किया गया। इसमें विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता, एकाग्रता, समस्या समाधान एवं त्वरित निर्णय लेने की क्षमता को परखा गया।प्रतियोगिता में चित्रांश बगड़िया, पुत्र संपत बगड़िया; प्रियांशी मोदी, पुत्र मनोज कुमार मोदी; संकल्प डालूका, पुत्र अनिल डालूका तथा दीपेश अग्रवाल, पुत्र अशोक अग्रवाल ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया।मनन गोयल, पुत्र प्रकाश चंद गोयल एवं गौरांग मित्तल, पुत्र अमित कुमार मित्तल संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे।प्रतियोगिता के सफल आयोजन में श्वेता मंगल, कनिका रामचंद्रका, आस्था अग्रवाल एवं लकी अग्रवाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समापन अवसर पर प्रतिभागी विद्यार्थियों को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।अग्रसेन जयंती महोत्सव के प्रथम दिवस आयोजित इन कार्यक्रमों ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ खेल, शिक्षा, प्रतिभा और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया। पूरे दिन समाजजनों में उत्साह और सहभागिता का माहौल बना रहा।

            विज्ञापन👇




Post a Comment

और नया पुराने
 राजस्थान वाणी न्यूज़

विज्ञापन

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume