भावी बैलेट पेपर कांड में बड़ा खुलासा: दो मतदान अधिकारियों और प्रत्याशी के बेटे की साजिश आई सामने, 150 मतपत्र वापस मंगवाने का आरोप
जोधपुर।04/11/2026,राजस्थान वाणी डिजिटल डेस्क
भावी ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव के दौरान 150 बैलेट पेपर गायब होने के मामले में पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस पूछताछ में सामने आए तथ्यों के अनुसार, सरपंच प्रत्याशी सोहनी देवी के पुत्र सुनील चौधरी पर दो मतदान अधिकारियों के साथ मिलकर मतपत्र चोरी की साजिश रचने का आरोप है। मामले में निलंबित मतदान अधिकारी जगदीश सारण और सहायक मतदान अधिकारी सहीराम बिश्नोई की गिरफ्तारी के बाद यह जानकारी सामने आई है।
मतदान से एक दिन पहले बनाई गई योजना
पुलिस के अनुसार, पंचायत चुनाव के लिए मतदान दल 27 अक्टूबर को भावी गांव पहुंच गया था, जबकि मतदान 30 अक्टूबर को होना निर्धारित था। आरोप है कि मतदान से एक दिन पहले सुनील चौधरी ने मतदान कार्मिकों से संपर्क कर 150 बैलेट पेपर गायब करने की योजना बनाई। पुलिस इस पूरे मामले में संभावित आर्थिक लेन-देन की भी जांच कर रही है।
हंगामे के बाद वापस मंगवाए गए मतपत्र
30 अक्टूबर को मतदान के दौरान 150 बैलेट पेपर गायब होने की जानकारी सामने आने पर ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया था। पुलिस जांच के मुताबिक, मामला बढ़ता देख सहायक मतदान अधिकारी सहीराम बिश्नोई ने सुनील चौधरी को व्हाट्सऐप कॉल कर मतपत्र वापस मंगवाए थे।
जांच में यह भी सामने आया कि वापस मिले मतपत्रों पर प्रत्याशी सोहनी देवी के नाम और चुनाव चिह्न के सामने मुहर लगी हुई थी। पुलिस ने दोनों मतदान अधिकारियों के साथ सुनील चौधरी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। व्हाट्सऐप कॉल की डिलीट हुई जानकारी रिकवर करने का प्रयास किया जा रहा है।
दोनों मतदान अधिकारी जेल भेजे गए
बिलाड़ा वृत्ताधिकारी मनीष देव के अनुसार, दोनों मतदान अधिकारियों को 1 नवंबर को गिरफ्तार कर दो-दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में कुछ अन्य लोगों को भी नामजद किया गया है।
तनाव के चलते पुनर्मतदान की तारीख अटकी
बैलेट पेपर प्रकरण के बाद भावी ग्राम पंचायत का सरपंच चुनाव निरस्त कर दिया गया था। प्रशासन की ओर से 2 नवंबर को पुनर्मतदान प्रस्तावित किया गया था, लेकिन 1 नवंबर को बिलाड़ा पुलिस थाने पर पथराव, तोड़फोड़ और पुलिस कार्रवाई के बाद गांव में तनावपूर्ण हालात बन गए। इसके चलते पुनर्मतदान स्थगित करना पड़ा।
फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है, लेकिन पुनर्मतदान की नई तारीख घोषित नहीं की गई है। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन के अगले फैसले पर टिकी है।

एक टिप्पणी भेजें