जयपुर। ०१/११/२०२६,राजस्थान वाणी डिजिटल न्यूज़
राजस्थान में नए साल यानी 1 जनवरी 2027 से ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़े नियमों में बदलाव लागू करने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत पुराने, एक्सपायर और डुप्लीकेट ड्राइविंग लाइसेंस के रिकॉर्ड को नए तरीके से व्यवस्थित किया जाएगा। परिवहन विभाग सारथी पोर्टल पर नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी में जुटा है।
नई व्यवस्था के तहत यदि किसी व्यक्ति का ड्राइविंग लाइसेंस दो साल से अधिक समय से एक्सपायर है, तो उसका नवीनीकरण सामान्य प्रक्रिया से नहीं हो सकेगा। ऐसे मामलों में संबंधित आरटीओ कार्यालय से रिकॉर्ड का सत्यापन और ड्राइविंग टेस्ट करवाना पड़ सकता है। इसके अलावा परिवहन आयुक्त की मंजूरी भी आवश्यक हो सकती है।
चार लाख से अधिक पुराने लाइसेंस रिकॉर्ड
परिवहन विभाग के अनुसार राजस्थान में चार लाख से अधिक ऐसे ड्राइविंग लाइसेंस हैं, जिनके रिकॉर्ड एक्सपायर या डुप्लीकेट श्रेणी में आते हैं। इन रिकॉर्ड को व्यवस्थित करने और फर्जीवाड़े की आशंका कम करने के उद्देश्य से सारथी पोर्टल पर नया वर्गीकरण मॉडल तैयार किया गया है।
विभाग की ओर से पोर्टल में आवश्यक तकनीकी बदलाव और परीक्षण पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इस व्यवस्था को प्रदेश में 1 जनवरी 2027 से लागू करने की तैयारी है।
हर साल होते हैं लाखों ड्राइविंग टेस्ट
राज्य में ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित गतिविधियों का आंकड़ा भी काफी बड़ा है।
प्रतिवर्ष करीब 8 लाख ड्राइविंग टेस्ट होते हैं।
इनमें लगभग 90 हजार टेस्ट व्यावसायिक और भारी वाहन लाइसेंस से संबंधित हैं।
करीब 3 लाख व्यावसायिक वाहन लाइसेंस का हर साल नवीनीकरण किया जाता है।
लाइसेंस धारकों के लिए जरूरी सलाह
जिन वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की वैधता समाप्त हो चुकी है, उन्हें समय रहते नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए। विशेष रूप से दो साल से अधिक पुराने एक्सपायर लाइसेंस धारक परिवहन विभाग या संबंधित आरटीओ कार्यालय से अपने रिकॉर्ड और नवीनीकरण की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करें।
राजस्थान वाणी न्यूज | जयपुर
जनहित में जरूरी खबर, वाहन चालकों तक जरूर पहुंचाएं।

एक टिप्पणी भेजें