मेड़ता।१९/११/२०२६,रमेश सिंह (प्रधान संपादक)
देश की पूर्व प्रधानमंत्री एवं आयरन लेडी के नाम से प्रसिद्ध स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर मेड़ता में कांग्रेसजनों ने उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया। मेड़ता नगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में सिविल लाइन स्थित कांग्रेस कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके व्यक्तित्व और देश के लिए दिए गए योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक रामचंद्र जारोड़ा, पूर्व जिला अध्यक्ष जगदीश नारायण शर्मा, कांग्रेस प्रत्याशी शिवरतन वाल्मीकि, नगर कांग्रेस अध्यक्ष जाकिर खान सांखला, पीसीसी सदस्य लालाराम नायक एवं पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष सलीम मोयल की मौजूदगी रही।बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक रामचंद्र जारोड़ा ने कहा कि इंदिरा गांधी ने अपने कार्यकाल में देशहित में कई ऐतिहासिक फैसले लिए। उनके कार्यों की बराबरी कर पाना बेहद मुश्किल है। उन्होंने देश की सीमाओं की सुरक्षा और राष्ट्रीय गौरव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत पहचान दिलाने का कार्य किया।
पूर्व जिला अध्यक्ष जगदीश नारायण शर्मा ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके द्वारा किए गए नवाचार और ऐतिहासिक निर्णय आज भी प्रेरणा देते हैं। इंदिरा गांधी युवाओं के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेंगी।वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी शिवरतन वाल्मीकि, नगर अध्यक्ष जाकिर खान सांखला एवं पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष सलीम मोयल ने कहा कि इंदिरा गांधी को यूं ही आयरन लेडी नहीं कहा जाता। उनके मजबूत नेतृत्व में भारत ने 1971 के युद्ध में ऐतिहासिक विजय हासिल की और बांग्लादेश के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। उन्होंने देश को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर पूर्व विधायक रामचंद्र जारोड़ा, पूर्व जिला अध्यक्ष जगदीश नारायण शर्मा, शिवरतन वाल्मीकि, जाकिर खान सांखला, लालाराम नायक, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष नंदकुमार अग्रवाल, पार्षद नोरतमल तेजी, मूलसिंह देवड़ा, सलीम मोयल, पार्षद अमजद केके, सीताराम खींची, आरिफ कश्मीरी, आशीष वाल्मीकि, महबूब कलाकार, जीशान कुरैशी, मानक सेन, मोहम्मद शरीफ नागौरी, मनवर खान, शिक्षक प्रकोष्ठ के जिला संरक्षक शिवजी राम, संगठन महामंत्री राजेंद्र राव, पूर्व पार्षद नरेश गोलिया, उदयराज सोगावास, रामनिवास मिस्त्री, हरीश अटवाल एवं रमेश भाई सहित अनेक कांग्रेसजन मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें