Top News

देउ ग्राम पंचायत में पंचायत समिति स्तरीय किसान कार्यशाला आयोजित, किसानों को दी गई आधुनिक खेती की जानकारी

 

नागौर, 19 नवंबर 2026,रमेश सिंह (प्रधान संपादक)

आत्मा योजना के अंतर्गत गुरुवार को ग्राम पंचायत देउ में पंचायत समिति स्तरीय किसान कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला सरपंच लक्ष्मी कंवर की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें आसपास के गांवों से आए सैकड़ों महिला एवं पुरुष किसानों ने भाग लिया।


कार्यशाला में आत्मा उप निदेशक (कृषि एवं पदेन परियोजना) डॉ. हेमराज मीणा ने किसानों को योजना के तहत संचालित कृषक भ्रमण, कृषक प्रशिक्षण, फसल प्रदर्शन, कृषक पुरस्कार एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड सहित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने अधिक से अधिक किसानों से आत्मा योजना से जुड़ने का आह्वान किया। साथ ही बताया कि प्रशिक्षण एवं भ्रमण में भाग लेने के इच्छुक किसान अपने कृषि पर्यवेक्षक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

कृषि महाविद्यालय के डॉ. मनोहरी लाल मीणा ने फसल विविधीकरण पर प्रकाश डालते हुए बगीचा स्थापना, किचन गार्डनिंग, जीरा एवं ईसबगोल की खेती की वैज्ञानिक तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।सहायक निदेशक कृषि विस्तार शंकर राम सियाक ने उर्वरकों के संतुलित एवं वैज्ञानिक उपयोग पर जोर देते हुए नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया के उपयोग की विधि समझाई। उन्होंने किसानों को कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त करने के लिए आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने की सलाह दी।तकनीकी सहायक राजेंद्र सिंह मेड़तिया ने केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी दी। वहीं सहायक कृषि अधिकारी डॉ. सीता सुंडा ने राज किसान सुविधा ऐप के माध्यम से किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की प्रक्रिया समझाई।

कार्यशाला की अध्यक्षता कर रहीं सरपंच लक्ष्मी कंवर ने किसानों से कृषि विभाग के अधिकारियों एवं विशेषज्ञों द्वारा दी गई जानकारी को खेती में अपनाने का सुझाव दिया। प्रगतिशील किसान माधो सिंह राठौड़ ने कार्यशाला में उपस्थित किसानों, अधिकारियों एवं कृषि वैज्ञानिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समय-समय पर विभिन्न गांवों में आयोजित करने का आग्रह किया।

इस अवसर पर कृषि पर्यवेक्षक हनुमान राम महिया, रितिका बुगालिया, गोपी राम जाट सहित कृषि विभाग के कार्मिक एवं आसपास के गांवों के सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।

Post a Comment

और नया पुराने
 राजस्थान वाणी न्यूज़

विज्ञापन

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume