नागौर : 10 सितंबर 2026 :रमेश सिंह (प्रधान संपादक)
नगर पालिका मेड़ता के निकाय चुनाव के लिए 11 सितंबर 2026 को होने वाले मतदान को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र कुमार ने गुरुवार को मतदान पूर्व तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मेड़ता के कन्या महाविद्यालय स्थित मतदान बूथ का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने मतदान केंद्र पर आवश्यक सुविधाओं, व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को मतदान दिवस पर सभी व्यवस्थाएं सुचारू रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद कुमार ने राजकीय महाविद्यालय मेड़ता सिटी में स्थापित स्ट्रांग रूम एवं मतगणना कक्ष का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र कुमार ने रियाबड़ी में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां स्थापित स्ट्रांग रूम, मतगणना कक्ष एवं मतदान बूथ का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मतदान एवं मतगणना से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मापदंडों के अनुसार सुनिश्चित करने तथा मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए।कुमार ने रियाबड़ी में रिटर्निंग अधिकारी, एरिया मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक भी की। उन्होंने अधिकारियों के साथ शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं निर्बाध चुनाव सम्पन्न कराने के संबंध में आवश्यक व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की तथा सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने तथा शांतिपूर्ण वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान मेड़ता उपखंड अधिकारी सुनील कुमार, सहायक रिटर्निंग अधिकारी खींवसर नायब तहसीलदार निर्मला तथा चुनाव शाखा प्रभारी सीताराम डांगा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें