डीग।16/09/2026,ग्यानेन्द्र सिंह
नगर परिषद चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद अब सभापति पद को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। बुधवार को डीग नगर परिषद के सभापति पद के लिए तीन दावेदारों ने नामांकन दाखिल कर अपनी दावेदारी पेश की। मालती देवी, अर्पित गुप्ता और राहुल लवानिया ने सभापति पद के लिए नामांकन पत्र उपखंड अधिकारी अमित कुमार मीणा के समक्ष प्रस्तुत किए।सभापति पद के लिए नामांकन दाखिल होने के साथ ही अब डीग की सियासत में जोड़-तोड़ और रणनीतिक गतिविधियों का दौर शुरू होने की संभावना है। नगर परिषद के चुनाव परिणाम में किसी भी एक राजनीतिक दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने के बाद सभापति पद का चुनाव काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका भी निर्णायक हो सकती है।नामांकन के बाद आने वाले दो दिन राजनीतिक रूप से काफी अहम माने जा रहे हैं। इन दो दिनों में दावेदार अपने-अपने पक्ष में पार्षदों का समर्थन जुटाने का प्रयास करेंगे। वहीं राजनीतिक दलों के स्तर पर भी पार्षदों को एकजुट रखने और सभापति पद के लिए समर्थन जुटाने की कवायद तेज हो सकती है।
दो दिन तक नाम वापसी का मौका - सभापति पद के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब प्रत्याशियों को नाम वापस लेने के लिए दो दिन का समय दिया गया है। इस दौरान राजनीतिक समीकरणों में बदलाव की संभावना बनी रहेगी। यदि किसी दावेदार द्वारा नाम वापस लिया जाता है तो सभापति पद का मुकाबला सीधे तौर पर प्रभावित हो सकता है।
नाम वापसी की अवधि समाप्त होने के बाद सभापति पद के लिए मैदान में बचे प्रत्याशियों की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी। इसके बाद पार्षदों के समर्थन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।
निर्दलीय पार्षदों की भूमिका अहम
डीग नगर परिषद के चुनाव परिणाम में बड़ी संख्या में निर्दलीय प्रत्याशियों के जीतकर आने के कारण सभापति चुनाव में उनका महत्व बढ़ गया है। बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने के लिए राजनीतिक दलों को निर्दलीय पार्षदों के समर्थन की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे में सभापति पद के दावेदारों के लिए निर्दलीय पार्षदों को अपने पक्ष में करना सबसे बड़ी चुनौती होगी।
एक टिप्पणी भेजें